एनएच डेस्क, लखनऊ।
* सीडीओ श्री अभिषेक कुमार ने मेला मैदान से मिदनियां तक निर्माणाधीन आरसीसी सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया।
* चौराहे से गढ़ी तक सड़क से हटेगा अतिक्रमण, मिलेगी जाम से निजात।
* सड़क के बीच लगे विद्युत पोल/ट्रांसफार्मर 2 दिन में शिफ्ट करने के निर्देश।
* निर्माण कार्य को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश।
* दुकानदारों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील।
* एसडीएम सदर व नगर पालिका को यातायात सुगम बनाने के निर्देश।
सीडीओ श्री अभिषेक कुमार ने एसडीएम सदर के साथ मेला मैदान से मिदनियां तक निर्माणाधीन आरसीसी सड़क का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सड़क के मध्य स्थित विद्युत खंभों एवं ट्रांसफार्मर को सड़क किनारे स्थानांतरित किए जाने के कार्य की प्रगति भी देखी गई। इस संबंध में अधिशासी अभियंता, विद्युत को निर्देशित किया गया कि सड़क के मध्य लगे विद्युत पोलों को आगामी दो दिनों के भीतर सड़क के किनारे शिफ्ट कराया जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को सड़क निर्माण कार्य को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं मानकों के अनुरूप पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए गए।
इसके उपरांत सीडीओ द्वारा मेला मैदान चौराहे से मिदनियां की ओर जाने वाली सड़क पर यातायात जाम एवं अतिक्रमण की स्थिति का मौके पर निरीक्षण किया गया। सड़क के किनारे दुकानों के बाहर रखे सामान एवं अस्थायी अतिक्रमण के कारण उत्पन्न हो रही समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ ने एसडीएम सदर तथा अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका को निर्देशित किया कि दुकान के बाहर एवं सड़क पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को तत्काल स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश जारी किए जाएं, जिससे यातायात व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित किया जा सके।
साथ ही सीडीओ द्वारा मौके पर उपस्थित दुकानदारों से अपील की गई कि वे जनहित को ध्यान में रखते हुए अपना सामान सड़क पर न रखें तथा स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर प्रशासन को सहयोग प्रदान करें।
इस अवसर पर सीडीओ के साथ एसडीएम सदर श्री अश्वनी सिंह, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी श्री अरविंद कुमार वर्मा, अधिशासी अभियंता विद्युत सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।