ग्वालियर।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित होने जा रहे विशाल हिंदू सम्मेलन की तैयारियों का शुभारंभ रविवार को श्री कृष्णा बस्ती में विधिवत भूमि पूजन के साथ हुआ। आगामी 18 जनवरी 2026, रविवार को यह सम्मेलन कुशवाहा मैरिज गार्डन, सिकंदर कंपू रोड, लश्कर ग्वालियर में आयोजित किया जाएगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम में सकल हिंदू समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय सहभागिता रही। इस अवसर पर आयोजन समिति ने स्पष्ट किया कि हिंदू सम्मेलन का उद्देश्य केवल एक सार्वजनिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में संस्कारों के संरक्षण, सांस्कृतिक चेतना के विस्तार और सामाजिक एकजुटता को सुदृढ़ करने का सामूहिक प्रयास है। सम्मेलन के माध्यम से आत्मनिर्भर, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया जाएगा।
आयोजन समिति के अनुसार, सम्मेलन के मंच से स्व-बोध (आत्म-जागरूकता), सामाजिक समरसता (जाति-भेद रहित समाज), कुटुंब प्रबोधन (पारिवारिक मूल्यों की पुनर्स्थापना), नागरिक शिष्टाचार (कर्तव्यों के प्रति सजगता) तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर समाज को जागरूक किया जाएगा। ये सभी विषय राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
भूमि पूजन के अवसर पर उपस्थित समाजजनों में सम्मेलन को लेकर विशेष उत्साह और सकारात्मक वातावरण देखने को मिला। आयोजन समिति ने सकल हिंदू समाज से आह्वान किया कि वे इस विशाल हिंदू सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना के इस अभियान को सशक्त बनाएं।