ग्वालियर, 12 जनवरी।
मध्य प्रदेश चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (MPCCI) ने एलटी उच्च मूल्य औद्योगिक एवं वाणिज्यिक उपभोक्ताओं की मीटर टेस्टिंग का कार्य निजी एजेंसी को सौंपे जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। संस्था ने इसे उपभोक्ता हितों के विरुद्ध और अनावश्यक करार देते हुए तत्काल वापस लेने की मांग की है।
MPCCI द्वारा ऊर्जा मंत्री माननीय श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, प्रबंध संचालक म.प्र. मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, मुख्य महाप्रबंधक एवं शहर वृत्त के महाप्रबंधक को पत्र प्रेषित कर बताया गया कि डीजीएम, बीआई सेल सिटी सर्किल ग्वालियर द्वारा जारी पत्र के माध्यम से एलटी हाई वैल्यू उपभोक्ताओं के मीटर टेस्टिंग (RMT) का कार्य एक अधिकृत निजी विक्रेता के माध्यम से कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
चेंबर के पदाधिकारियों ने कहा कि जब विद्युत वितरण कंपनी की बीआई सेल द्वारा प्रत्येक माह नियमित रूप से मीटर जांच की जा रही है, तो पुनः निजी एजेंसी से टेस्टिंग कराना पूरी तरह औचित्यहीन है। इस नई व्यवस्था से लूट-खसोट और उपभोक्ताओं के शोषण की आशंका बढ़ेगी, साथ ही उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
MPCCI ने मांग की है कि इस निर्णय को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर पूर्व में चली आ रही व्यवस्था को यथावत रखा जाए, जिससे उपभोक्ता हित सुरक्षित रहें और विद्युत वितरण कंपनी का कार्य सुचारू रूप से संचालित होता रहे।