स्वच्छता समिति एवं पर्यावरण समिति की संयुक्त बैठक सम्पन्न

एनएच डेस्क, लखनऊ।

जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में जिला गंगा समिति, जिला स्वच्छता समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की संयुक्त बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद को स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरणीय दृष्टि से सुदृढ़ बनाने हेतु विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने समस्त अधिशासी अधिकारियों (नगर पालिका) को निर्देशित किया कि “एक नगर निकाय–एक सरोवर” की अवधारणा के अनुरूप कार्ययोजना तैयार कर तालाबों के सौंदर्यीकरण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर प्रारंभ किया जाए। उन्होंने कहा कि चरणबद्ध तरीके से सभी तालाबों की साफ-सफाई कर उन्हें आकर्षक एवं उपयोगी सरोवर के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका तिर्वा को निर्देश दिए कि कोतवाली तिर्वा के सामने स्थित तालाब में जलकुंभी एवं अन्य गंदगी की सफाई हेतु 10 दिवस के भीतर कार्ययोजना बनाकर कार्य प्रारंभ कराया जाए, जिसकी निगरानी स्वयं प्रभागीय वनाधिकारी द्वारा की जाए।

जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्राम पंचायतों में स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बड़े गांवों के आसपास जमा कूड़े के ढेरों का तत्काल निस्तारण कराया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि पाल चौराहा, जलालपुर पनवारा सहित सड़क किनारे डाले गए कूड़े को हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ बनाया जाए। साथ ही आमजन को स्वच्छता के लाभों एवं कूड़ा इधर-उधर फेंकने से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने हेतु रैलियों एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन के निर्देश दिए। उन्होंने पॉलीथिन प्रतिबंध को प्रभावी बनाने के लिए विशेष टीमें गठित कर नियमित छापेमारी करने तथा स्वच्छता पर विशेष फोकस रखते हुए सभी अधिशासी अधिकारियों को प्रातःकाल स्वयं नगर क्षेत्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने को कहा।

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने वन विभाग को निर्देश दिए कि नामित कर्मियों के माध्यम से ग्राम पंचायतों में ग्रीन चौपाल का आयोजन सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने यह भी कहा कि जिन विभागों द्वारा वृक्षारोपण-2025 के अंतर्गत रोपित पौधों की गणना पंजिका अभी तक उपलब्ध नहीं कराई गई है, वे उसे विधिवत तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करें। ठोस अपशिष्ट एवं ई-वेस्ट प्रबंधन के लिए व्यापक एवं प्रभावी रणनीति बनाकर निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री रामकृपाल चौधरी, प्रभागीय वनाधिकारी श्री हेमंत सेठ, उप निदेशक श्री संतोष कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Spread the love with Thanks..........