व्यापारी कल्याण योजनाओं पर हुआ सार्थक विमर्श

एनएच डेस्क,लखनऊ।

प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के निर्देशों के क्रम में व्यापारियों से संवाद स्थापित करने तथा उनकी समस्याओं एवं सुझावों को जानने के उद्देश्य से आज विधायक तिर्वा कैलाश राजपूत की अध्यक्षता में विकास भवन हर्षवर्धन सभागार में व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक तिर्वा श्री कैलाश राजपूत ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार व्यापारियों के हितों के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु निरंतर कार्य कर रही है। सरकार द्वारा व्यापार को सरल, पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाने के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएँ लागू की गई हैं। उन्होंने व्यापारियों से आह्वान किया कि वे नियमों का पालन करते हुए अधिकाधिक राजस्व प्रदान करें, जिससे प्रदेश के विकास में उनकी सहभागिता और सुदृढ़ हो सके।

मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि व्यापारी प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। सरकार एवं प्रशासन व्यापारियों के साथ सतत संवाद के माध्यम से उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रम आपसी विश्वास को मजबूत करने का सशक्त माध्यम हैं।

कार्यक्रम में राज्य कर विभाग, कन्नौज द्वारा पंजीयन, रिटर्न दाखिला, समाधान योजना, मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना, जीएसटी-2.0 के अंतर्गत किए गए सुधारों के लाभ, ईंट भट्ठों से प्राप्त राजस्व सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। उपायुक्त राज्य कर श्री मो० नाजिम ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला।

उपायुक्त राज्य कर श्री राजीव त्यागी द्वारा जीएसटी-2.0 में किए गए सुधारों एवं उनके लाभों की जानकारी दी गई। सहायक आयुक्त श्री विवेक कुमार ने मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं।
संवाद सत्र के दौरान विभिन्न व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थित अधिकारियों द्वारा गंभीरता से संकलित किया गया।
अनिल गुप्ता, अध्यक्ष अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, कन्नौज ने सुझाव दिया कि अधिक कर देने वाले पंजीकृत व्यापारियों के गंभीर स्वास्थ्य उपचार हेतु चिकित्सा व्यय प्रतिपूर्ति की योजना जीएसटी विभाग द्वारा लाई जानी चाहिए, जिससे व्यापारी पंजीकरण के लिए प्रोत्साहित होंगे।

पवन त्रिवेदी, अध्यक्ष अत्तर एसोसिएशन व्यापार मंडल, कन्नौज ने सुझाव दिये कि कन्नौज के इत्र को जीआई टैग प्राप्त होने के दृष्टिगत कर की दर में रियायत दी जाए तथा गुलाब जल, केवड़ा जल एवं गुलकंद को करमुक्त किया जाए।  सुशील दुबे, प्रांतीय मंत्री उद्योग व्यापार मंडल, कन्नौज ने व्यापारियों के लिए आयुष्मान कार्ड की भांति अलग स्वास्थ्य योजना लागू करने एवं विभागीय कार्यवाहियों में ऑनलाइन के साथ-साथ मैनुअल नोटिस भेजे जाने का सुझाव दिए। श्री राज शर्मा, जिलाध्यक्ष भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, कन्नौज ने पंजीकृत व्यापारियों को बिजली दरों में रियायत, व्यापारी आयुष्मान कार्ड, बिना पंजीयन आधार पर माल खरीद की सीमा निर्धारित करने तथा मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा की धनराशि बढ़ाकर ₹20 लाख किए जाने का प्रस्ताव रखा।

अधिवक्ता श्रीमती गरिमा तोमर ने जीएसटी पोर्टल से संबंधित व्यावहारिक विसंगतियों के समाधान हेतु सुझाव प्रस्तुत किए।
उपायुक्त राज्य कर, कन्नौज द्वारा उपस्थित समस्त अतिथियों एवं व्यापारी बंधुओं का बहुमूल्य सुझाव एवं सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।

कार्यक्रम में उपायुक्त उद्योग श्री धनंजय सिंह, उपायुक्त वीबी जीरामजी श्री दिनेश कुमार यादव सहित श्री पवन त्रिवेदी, श्री अनिल गुप्ता, श्री सुशील दुबे, श्री राज शर्मा एवं अन्य व्यापारी, युवा उद्यमी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Spread the love with Thanks..........