एनएच डेस्क, लखनऊ।
फार्मर रजिस्ट्री के लाभों के प्रति किसानों को जागरूक करने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट परिसर में अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) श्री देवेंद्र सिंह द्वारा 8 प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह प्रचार वाहन जनपद के सभी विकास खण्डों में जाकर किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के महत्व एवं इससे मिलने वाले लाभों की जानकारी प्रदान करेंगे।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ने बताया कि प्रत्येक विकास खण्ड में एक-एक प्रचार वाहन सहायक विकास अधिकारी (कृषि) की देखरेख में ग्राम पंचायतों एवं राजस्व ग्रामों में भ्रमण कर किसानों को फार्मर रजिस्ट्री बनवाने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान सुनिश्चित करेगा कि कोई भी पात्र किसान फार्मर रजिस्ट्री से वंचित न रह जाए।
उन्होंने जानकारी दी कि फार्मर रजिस्ट्री किसानों की खतौनी को आधार से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसे मोबाइल एप के माध्यम से जनसेवा केन्द्र, सहायक मोड एवं सेल्फ मोड द्वारा सरलता से कराया जा सकता है। यह प्रक्रिया पारदर्शिता बढ़ाने के साथ-साथ किसानों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ दिलाने में सहायक है।
अपर जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि जिन किसान भाइयों की फार्मर रजिस्ट्री अभी तक नहीं बनी है, उनके लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित कृषि विभाग की समस्त योजनाओं का लाभ प्राप्त करने हेतु फार्मर रजिस्ट्री कराना अनिवार्य है। इसके लिए किसान अपनी खतौनी, आधार कार्ड एवं आधार से लिंक मोबाइल नंबर के साथ अपने नजदीकी जनसेवा केन्द्र अथवा कृषि विभाग के कार्मिकों से संपर्क कर शीघ्र अपनी फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण करा लें।
इस अवसर पर उन्होंने किसानों से अपील की कि वे समय रहते फार्मर रजिस्ट्री कराकर शासन की कल्याणकारी योजनाओं का निर्बाध एवं निरंतर लाभ सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट श्रीमती रेशमा सहाय, उप कृषि निदेशक श्री संतोष कुमार, जिला कृषि अधिकारी श्री संतलाल गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।