एनएच डेस्क, लखनऊ।
अपर जिलाधिकारी देवेन्द्र सिंह ने अवगत कराया है कि अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, लखनऊ तथा प्रमुख सचिव, नागरिक सुरक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के पत्र के निर्देशों के क्रम में दिनांक 23 जनवरी 2026 को उत्तर प्रदेश दिवस-2026 एवं नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती के अवसर पर सायं 6.00 बजे ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा।
उक्त मॉक ड्रिल के सफल आयोजन हेतु समस्त संबंधित विभागों के साथ बैठक कर कार्ययोजना तैयार की जाएगी, साथ ही ब्लैक आउट मॉक ड्रिल आयोजित किए जाने हेतु उपयुक्त स्थान एवं शेल्टर का चयन किया जाएगा। मॉक ड्रिल में सहभागिता के लिए स्वयंसेवकों, आपदा मित्रों एवं अन्य सहयोगी कर्मियों को चिन्हित किया जाएगा। निर्धारित समय पर मॉक ड्रिल का शुभारम्भ होगा, जिसमें हवाई हमले की चेतावनी के रूप में 2 मिनट तक ऊँची-नीची आवाज में सायरन ध्वनित किया जाएगा। सायरन बजते ही सभी चिन्हित क्षेत्रों एवं स्थलों की विद्युत व्यवस्था बाधित कर पूर्ण ब्लैक आउट किया जाएगा तथा नागरिकों द्वारा सुरक्षित स्थानों एवं शेल्टरों में शरण ली जाएगी।
हवाई हमले का खतरा समाप्त होने पर 2 मिनट तक ऊँची आवाज में “ऑल क्लीयर” सायरन ध्वनित किया जाएगा। चेतावनी समाप्त होने के उपरान्त नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों द्वारा छोटी आग बुझाने हेतु फायर एक्सटिंगुशर का प्रयोग किया जाएगा तथा फायर सर्विस द्वारा बड़ी आग बुझाने के लिए फायर टेंडर वाहनों का उपयोग किया जाएगा। मॉक ड्रिल के दौरान घायल हुए व्यक्तियों को नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों द्वारा प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा, ध्वस्त अथवा क्षतिग्रस्त भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जाएगा तथा गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल तक पहुँचाया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी ने समस्त संबंधित विभागों से अपेक्षा की है कि वे अपने-अपने विभाग से एनसीसी/एनएसएस, एनवाईकेएस के कैडेट्स/स्वयंसेवक, नागरिक सुरक्षा से संबंधित स्वयंसेवक, उनके नोडल अधिकारी तथा आपदा मित्र के रूप में चयनित समस्त होमगार्ड्स को आवश्यक उपकरणों सहित पुलिस लाइन, कन्नौज में निर्धारित समय से एक घंटा पूर्व भेजना सुनिश्चित करें, ताकि मॉक ड्रिल का आयोजन सुव्यवस्थित, प्रभावी एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया जा सके।