ग्वालियर व्यापार मेले में दंगल की गूंज, जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ

ग्वालियर, 20 जनवरी 2026/ श्रीमंत माधवराव सिंधिया ग्वालियर व्यापार मेले में स्थित मंगल वाटिका में 19 जनवरी को जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता (दंगल) का शुभारंभ हुआ। मेले के अंतर्गत आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न अखाड़ों से आए पुरुष पहलवानों ने अलग-अलग भार वर्गों में अपने दांव-पेंच और शारीरिक कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्वालियर व्यापार मेला सचिव श्री एस.बी. त्रिपाठी रहे, जबकि अध्यक्षता जिला खेल अधिकारी एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के श्री जोसेफ बक्सला ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री शिशिर श्रीवास्तव, श्री शाकिर नूर, विश्वामित्र अवार्डी डॉ. कुंवर राज कटारे एवं श्री कर्मवीर सिंह उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाले पहलवानों को ट्रॉफी एवं नगद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

दंगल के नोडल अधिकारी एवं जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी श्री जोसेफ बक्सला ने बताया कि पुरुष पहलवानों की जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता 20 जनवरी तक आयोजित की जा रही है, जिसमें 40-45, 51, 57, 61, 65, 70, 74, 79, 84 एवं 84 से अधिक किलोग्राम भार वर्ग शामिल हैं। इसके पश्चात पुरुषों की संभाग स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता 21 एवं 22 जनवरी को आयोजित होगी, जिसके लिए पहलवानों का वजन 21 जनवरी को लिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि ग्वालियर व्यापार मेले में पुरुष पहलवानों का राज्य स्तरीय दंगल 23 से 25 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर से आए पहलवान विभिन्न भार वर्गों में भाग लेंगे। राज्य स्तरीय दंगल में शामिल होने वाले पहलवानों का वजन 23 जनवरी को किया जाएगा। इसके साथ ही महिला पहलवानों का राज्य स्तरीय दंगल भी 23 से 25 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें 35-40, 50, 60, 60 से अधिक एवं 70 किलोग्राम भार वर्ग की महिला पहलवान भाग लेंगीं।

जिला स्तरीय दंगल प्रतियोगिता में विभिन्न भार वर्गों में जिले के अनेक अखाड़ों से आए पहलवानों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजकों के अनुसार, मेले में आयोजित दंगल प्रतियोगिता कुश्ती के पारंपरिक स्वरूप को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने का कार्य कर रही है।

दंगल प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक पहलवान अधिक जानकारी के लिए कुंवर राज कटारे (मो. 9826968411), कर्मवीर सिंह (मो. 9926455491) एवं सुरेन्द्र यादव (मो. 8889890103) से संपर्क कर सकते हैं।

Spread the love with Thanks..........