बाराबंकी। मोहनलाल वर्मा एजुकेशनल इंस्टीट्यूट बाराबंकी में जनपद स्तरीय युवा सांसद 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उच्च न्यायालय इलाहाबाद के न्याय मूर्ति सुभाष चंद्र शर्मा जी के द्वारा माता सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि तथा दीप प्रज्वलन के द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
श्री शर्मा ने उद्घाटन भाषण में प्रतिभागी युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश उस तरफ चलता है, वैसा ही बनता है, जैसा देश के युवा सोचते, समझते और कार्य करते हैं। इसलिए यह आवश्यक है कि आज का युवा सिर्फ अपने व्यक्तिगत और पारिवारिक चिंतन में ही ना जिए, उसके चिंतन में राष्ट्र भी सम्मिलित होना चाहिए।
यदि युवा राष्ट्र के बारे में विचारशील होगा तो आने वाले समय में भारत विश्व का गौरव बनकर आगे बढ़ेगा। भारत को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी सभी युवाओं की है, हमारी नीति निर्माण में युवाओं की भूमिका कैसे बढ़ सके, युवाओं के विचार देश के संसद तक कैसे पहुंच सके, इस प्रकार के आयोजन इसलिए बहुत महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने युवाओं का आवाहन करते हुए कहा कि सभी युवा अपने विचार ठीक प्रकार से रखें और समाज में उनको स्थापित करने का भी प्रयत्न करें।
मेरा युवा भारत बाराबंकी के जिला युवा अधिकारी रश्मि शबनम गुप्ता तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला नोडल अधिकारी डॉ पंकज कुमार पटवा के संयुक्त निर्देशन में जिला युवा-संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
डॉ पंकज कुमार पटवा ने बताया कि जिले भर से कुल 103 युवाओं ने पंजीकरण कराया है। युवाओं ने युवा-संसद में अपने-अपने विचार बहुत मजबूती के साथ रखे।

दोपहर भोजन के पश्चात समापन सत्र में विजेताओं को प्रमाण पत्र वितरित करते हुए उत्तर प्रदेश के अनुसूचित जाति जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार प्रतिबद्ध है युवाओं के विचारों को सुनकर अपनी नीति में उनकी बातों को सम्मिलित करने के लिए। उन्होंने शुभकामनाएं देते हुए युवाओं का आवाहन किया कि जनपद से चयनित होकर विधानसभा में जाएं और विधानसभा से देश की संसद तक बाराबंकी की आवाज को लेकर के जाएं।
युवा संसद कार्यक्रम में प्रतिभागियों के भाषण के मूल्यांकन के लिए वरिष्ठ साहित्यकार कवि प्रदीप सारंग, जनेस्मा पीजी कॉलेज के हिंदी विभाग के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉक्टर अनिल विश्वकर्मा, मुंशी रघुनंदन प्रसाद, सरदार वल्लभ भाई पटेल महिला पीजी कॉलेज की प्राचार्या डॉक्टर उषा चौधरी, प्राचार्य डॉ हृदय नारायण चौधरी तथा समाजसेवी दर्शन सिंह निर्णायक मंडल में प्रतिभागियों के भाषणों का मूल्यांकन तत्परता के साथ किया तथा परिणाम घोषित कर प्रथम पाँच प्रतिभागियों का चयन करके विधानसभा के लिए उनका नाम घोषित किया। युवा संसद कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक प्राध्यापिकाएं तथा सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।