– रंजीत सिंह भदौरिया
नौगांव। जवाहर नवोदय विद्यालय, नौगांव (छतरपुर) में 07 दिसम्बर 2025 को भव्य अलुमनाई मीट का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस वर्ष विद्यालय से पास आउट हुए 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सिल्वर जुबिली बैच (1993-2000) ने इस कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए आयोजन को यादगार बनाया।
इस अवसर पर बैच के प्रमुख सदस्यों—रंजीत सिंह भदौरिया, पवन पाठक, महेन्द्र ऋच्छरिया, रमाधीन, राममोहन तथा पूनिमा चतुर्वेदी—ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूरे बैच के सहयोग से यह कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ।
विशेष अतिथि एवं सम्मान
कार्यक्रम में विद्यालय के समय के वरिष्ठ एवं प्रिय पूर्व शिक्षकों—श्रीमती एवं श्री के.के. कटियार, शशि दीक्षित मैडम तथा अनुराधा तिवारी मैडम—को विशेष रूप से आमंत्रित कर उनका हृदयपूर्वक सम्मान किया गया।
साथ ही, हाल ही में MPPSC में चयनित होकर डिप्टी कलेक्टर बनीं 2017 बैच की एलुमनाई सुश्री अदिति जैन को उनके माता-पिता सहित मंच पर सम्मानित किया गया। यह पल कार्यक्रम का प्रेरणादायक आकर्षण बना।
कार्यक्रम संचालन एवं सहयोग
अलुमनाई मीट का संचालन विद्यालय की एलुमनाई इंचार्ज श्रीमती पुष्पा गुप्ता मैडम तथा रंजीत सिंह, पवन पाठक और आशीष पटरैया ने सफलतापूर्वक किया।
सिल्वर जुबिली बैच ने विद्यालय में सेवाएं दे रहे सभी वर्तमान शिक्षकों, नॉन-टीचिंग स्टाफ एवं सहयोगी कर्मियों को माला पहनाकर, शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
विभिन्न बैचों और अन्य JNVs से भी जुड़े पूर्व छात्र
कार्यक्रम में केवल सिल्वर जुबिली बैच ही नहीं, बल्कि अन्य बैचों और देश के विभिन्न जएनवी के एलुमनाई भी शामिल हुए।
सैकड़ों पूर्व छात्र विभिन्न सरकारी सेवाओं, प्राइवेट कंपनियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीक और व्यवसाय के क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान दे रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा कर उन्हें करियर में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
स्मृतियों और अनुभवों से भरा दिन
मुख्य कार्यक्रम के बाद सभी एलुमनाई और शिक्षकों ने विद्यालय के भोजनालय में सामूहिक भोज का आनंद लिया।
इसके उपरांत विद्यालय के खेल मैदान में वॉलीबॉल और क्रिकेट मैच खेले गए, जिनमें पूर्व छात्रों ने अपने छात्र-जीवन के सुनहरे पलों को फिर से जी लिया।
अंत में विद्यालय प्रशासन की ओर से ईवनिंग टी व स्नैक्स के साथ सभी अतिथियों को विदाई दी गई।
समापन
अलुमनाई मीट 2025 ने एक बार फिर साबित किया कि जवाहर नवोदय विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि जीवनभर साथ निभाने वाले रिश्तों का परिवार है।
सिल्वर जुबिली बैच द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम सभी के दिलों में अविस्मरणीय यादें छोड़ गया।
