दतिया | 15 जनवरी 2026
दतिया जिले में लगातार बढ़ रहे अपराधों को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। दतिया विधायक राजेंद्र भारती ने गुरुवार को अपने निवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए भाजपा सरकार, प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला।
विधायक भारती ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, जुआ-सट्टा, भू-माफिया और खनिज माफिया की सक्रियता इस हद तक बढ़ चुकी है कि पूरा दतिया “बारूद के ढेर” पर बैठा नजर आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से भाजपा शासन के चलते जिले में अवैध कारोबारों को खुला संरक्षण मिला है, जिसके परिणामस्वरूप अपराधों में निरंतर इजाफा हुआ है।
उन्होंने कहा कि गली-गली अवैध गांजा और चरस की खुलेआम बिक्री, जुआ-सट्टा और अवैध खनिज परिवहन आम बात हो गई है। इसका सीधा असर यह हुआ है कि जिले में हत्या, लूट, चोरी और डकैती जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। विधायक ने आरोप लगाया कि पुलिस की चुप्पी उसकी निष्क्रियता ही नहीं, बल्कि अपराधियों से सांठ-गांठ की ओर भी इशारा करती है।
राजेंद्र भारती ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी दतिया की जनता के साथ खड़ी है। यदि पुलिस-प्रशासन ने समय रहते सुधार नहीं किया, दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई और निर्दोषों को फंसाने की प्रवृत्ति बंद नहीं हुई, तो कांग्रेस को सड़कों पर उतरकर आंदोलन करना पड़ेगा।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस जिला अध्यक्ष अशोक दांगी (बगदा), वरिष्ठ नेता अवधेश नायक, सूर्य प्रताप सिंह परमार, शहर अध्यक्ष अजय शुक्ला, संगठन मंत्री सुरेश झा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य पंजाब सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बढ़ते अपराधों के विरोध में कल एसपी कार्यालय का घेराव
जिले में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी 16 जनवरी 2026 (शुक्रवार) को पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव और धरना-प्रदर्शन करेगी। यह विरोध प्रदर्शन सुबह 11 बजे से शुरू होगा।
यह जानकारी जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक दांगी (बगदा) के हवाले से जिला मीडिया प्रभारी अशोक श्रीवास्तव ने दी।