शहीद-ए-आज़म भगत सिंह जयंती की पूर्व संध्या पर AIDSO ने निकाला आक्रोश मार्च

शहीद-ए-आज़म भगत सिंह जयंती की पूर्व संध्या पर AIDSO ने निकाला आक्रोश मार्च

डॉ टीएन सिंह,

 

मुजफ्फरपुर 27 सितंबर 2025. शहीद-ए-आज़म भगत सिंह की जयंती की पूर्व संध्या पर ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) के बैनर तले आज एल.एस. कॉलेज, मुजफ्फरपुर से एक आक्रोश मार्च निकाला गया, जो बी.आर.ए. बिहार विश्वविद्यालय परिसर पहुँचकर सभा में तब्दील हो गया।

छात्रों को संबोधित करते हुए एआईडीएसओ के बिहार राज्य अध्यक्ष विजय कुमार ने कहा कि बी.आर.ए. बिहार विश्वविद्यालय, भगत सिंह के विचारों और उनके सपनों को कुचलने का काम कर रहा है। शहीद-ए-आज़म भगत सिंह और उनके साथियों ने आज़ाद भारत का जो सपना देखा था, उसमें इंसान द्वारा इंसान के शोषण का अंत और सबके लिए समान शिक्षा की गारंटी शामिल थी। लेकिन वर्तमान समय में विश्वविद्यालय छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ कर रहा है और उनका आर्थिक व मानसिक दोनों स्तर पर शोषण कर रहा है। इसके पीछे विश्वविद्यालय प्रशासन का अराजक रवैया और केंद्र व राज्य सरकार की शिक्षा एवं छात्र विरोधी नीतियाँ जिम्मेदार हैं, जिनका उद्देश्य सरकारी शिक्षा व्यवस्था को कमजोर कर शिक्षा का पूर्ण निजीकरण और व्यापारीकरण करना है।

सभा की अध्यक्षता करते हुए संगठन के बी.आर.ए. बिहार विश्वविद्यालय प्रभारी शिव कुमार ने माँग रखी कि विश्वविद्यालय प्रशासन पीएचडी (PAT) प्रश्नपत्र लीक के दोषी अधिकारियों पर तत्काल कड़ी कार्रवाई करे। उन्होंने प्रमाण पत्र एवं रिजल्ट सुधार के लिए निश्चित समय सीमा एवं पारदर्शी प्रक्रिया लागू करने, सभी वर्ग की छात्राओं एवं एससी/एसटी वर्ग के छात्रों के लिए नि:शुल्क शिक्षा के कानून को सख्ती से लागू करने तथा छात्रों के साथ अमर्यादित व्यवहार करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को दंडित करने की माँग की।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि आने वाले दिनों में विश्वविद्यालय और कॉलेजों के हजारों छात्रों के बीच हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इसके आधार पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा और ज्ञापन कुलाधिपति सह राज्यपाल को सौंपा जाएगा।

आक्रोश मार्च का नेतृत्व संगठन के राज्य अध्यक्ष विजय कुमार विश्वविद्यालय प्रभारी शिव कुमार राज्य कार्यकारिणी सदस्य ललित कुमार झा, रूपा कुमारी, दीपमाला कुमारी, जिला कमेटी सदस्य अभिषेक कुमार, अली अख्तर, श्याम भरोश कुमार, जगजीत सिंह एवं प्रभंश आदि प्रमुख रूप से कर रहे थे।

Spread the love with Thanks..........