कन्नौज के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष प्रवर्तन एवं जागरूकता अभियान चलाया गया

एनएच डेस्क, लखनऊ।

एनएच डेस्क, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) सुश्री इज्या तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा  “जीरो फैटेलिटी माह” के रूप में मनाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को शून्य तक लाना एवं आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।

उन्होंने बताया है कि आज दिनांक 09 जनवरी 2026 को परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से जनपद कन्नौज के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष प्रवर्तन एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान व्यवसायिक वाहनों में लगे प्रतिबंधित प्रेशर हॉर्न तथा निजी वाहनों में अवैध रूप से लगी काली फिल्म एवं हूटर पाए जाने पर उन्हें मौके पर ही उतरवाया गया। साथ ही यातायात सुरक्षा के दृष्टिगत वाहनों को रोककर चालकों को सद्भावनापूर्वक समझाया गया तथा मोटर वाहन अधिनियम एवं सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने हेतु प्रेरित किया गया। उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि वाहन चालकों में सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

इसके अतिरिक्त चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से जनपद के राजकीय चिकित्सालयों तथा कानपुर–अलीगढ़ एनएच टोल प्लाजा पर वाहन चालकों हेतु नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 24 चालक/परिचालकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें आंखों की जांच, रक्तचाप एवं सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण शामिल रहा। इस दौरान चालकों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने एवं नियमित जांच कराने की सलाह दी गई।

Spread the love with Thanks..........