ग्वालियर में गंदे पानी पर सख्ती: निगमायुक्त के कड़े निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

ग्वालियर। शहर में गंदे पानी की समस्या को निगमायुक्त संघप्रिय ने गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जहां भी दूषित पानी की शिकायत मिले, वहां तत्काल पानी की टेस्टिंग कराई जाए और समस्या का तुरंत समाधान किया जाए। इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आज (बुधवार को) जलकर वसूली, पीएचई एवं सीवरेज विभाग की समीक्षा बैठक में निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि जलकर वसूली का निर्धारित लक्ष्य हर हाल में पूरा किया जाए और पिछले वर्ष की तुलना में कम से कम 15 प्रतिशत अधिक वसूली सुनिश्चित की जाए। वसूली कार्य में ढिलाई बरतने वाले उपयंत्रियों और बिल क्लर्कों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

निगमायुक्त ने यह भी कहा कि जहां पानी या सीवर लाइन में लीकेज के कारण सड़क खोदना आवश्यक हो, वहां सहायक यंत्री के माध्यम से संबंधित अपर आयुक्त से अनुमति ली जाए और यह पहले से तय किया जाए कि कार्य पूर्ण होने के बाद सड़क की मरम्मत कौन करेगा। इसके साथ ही, जहां-जहां नाले सीवर में मिल रहे हैं, वहां तत्काल प्रस्ताव तैयार कर अस्थायी रूप से जाली लगवाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में कार्यपालन यंत्री संजीव गुप्ता सहित सभी सहायक यंत्री, उपयंत्री और वसूली क्लर्क उपस्थित रहे।

Related posts:

Spread the love with Thanks..........