ग्वालियर। कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया द्वारा महिलाओं और बहन-बेटियों के बारे में दिए गए आपत्तिजनक बयान ने राजनीतिक घमासान खड़ा कर दिया है। विधायक ने एक वीडियो बयान में कहा कि “खूबसूरत लड़की दिखे तो मन भटक सकता है और रेप हो सकता है”। उन्होंने धर्मग्रंथों का संदर्भ देते हुए कुछ SC/ST/OBC समुदायों की महिलाओं के संबंध में विवादित टिप्पणी की, जिसे समाज में निंदनीय और असंवेदनशील माना जा रहा है।
ग्वालियर के भाजपा सांसद भारत सिंह कुशवाह ने इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे कांग्रेस विधायक की विकृत और ओछी मानसिकता का प्रतीक बताया। सांसद ने कहा कि अपराध से बड़ा अपराध उसे उकसाना होता है और इसलिए विधायक के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए।
सांसद कुशवाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की ऐसी हरकतें समाज में विभाजन पैदा करने का काम करती हैं और यही वजह है कि कांग्रेस प्रदेश और देश में लगातार कमजोर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि इस घटना ने कांग्रेस का चाल, चरित्र और चेहरा जनता के सामने रख दिया है।
सांसद ने कांग्रेस नेतृत्व से भी सवाल किया और राहुल गांधी से मांग की कि ऐसे विधायक को तुरंत पार्टी से बाहर किया जाए। उन्होंने दोहराया कि कानूनी कार्रवाई अनिवार्य है और मामले में एफआईआर दर्ज होना चाहिए।