एनएच डेस्क, बाराबंकी।
जिलाधिकारी श्री आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में मनरेगा, गो आश्रय स्थल, स्वच्छ भारत मिशन, आवास आदि योजनाओं की संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद की समस्त गौशालाओं में गोवंशों को ठंड से बचाव हेतु व्यापक एवं प्रभावी इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने मुख्यमंत्री सहभागिता योजना की समीक्षा करते हुए बताया कि 1365 लाभार्थियों को 2719 गोवंश पशुपालक किसानों को सुपुर्द किए गए हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी लाभार्थियों के खातों में निर्धारित धनराशि समय से प्राप्त हो रही है तथा इसकी जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाए जाने हेतु ठोस रणनीति के साथ कार्य किया जाए। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य प्रगति पर है, जिसके तहत ग्राम पंचायतों से ₹75 लाख 320 की धनराशि ओएसआर के माध्यम से प्राप्त हुई है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 1820 व्यक्तिगत शौचालयों की प्रोत्साहन धनराशि शीघ्र ही संबंधित लाभार्थियों के खातों में पहुंचाई जाए। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 599 सफाई कर्मी पंचायतों में कार्यरत हैं, जिनका प्रशिक्षण कराया जाए तथा प्रशिक्षण के दौरान उनके कार्य दायित्वों की स्पष्ट जानकारी दी जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री आवास योजनाओं के अंतर्गत प्रथम किस्त शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, उन्होंने कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी 30 मार्च तक अनिवार्य रूप से संचालित हो जानी चाहिए। उन्होंने पंचायत उत्सव भवनों के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। समीक्षा में बताया गया कि 23 अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि 3 स्थानों पर विवाद की स्थिति है, जिनका शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने फैमिली आईडी के कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि इस सप्ताह कार्य में स्पष्ट प्रगति दिखाई देनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री रामकृपाल चौधरी, अपर जिलाधिकारी (वि0/ रा0) श्री देवेन्द्र सिंह, जिला विकास अधिकारी श्री नरेंद्र देव द्विवेदी सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।