एनएच डेस्क, लखनऊ।
युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग के तत्वावधान में राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आज मिघौली स्टेडियम, छिबरामऊ में खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत वॉलीबॉल, कबड्डी एवं 1600 मीटर दौड़ की स्पर्धाएं आयोजित की गईं, जिनमें जनपद के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। 1600 मीटर बालिका वर्ग में हिमांशी यादव ने प्रथम, रियांशी ने द्वितीय तथा कोमल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि 1600 मीटर बालक वर्ग में आयुष प्रथम, अर्पित द्वितीय एवं राहुल तृतीय स्थान पर रहे। कबड्डी बालिका वर्ग में डी.के. स्पोर्ट्स अकादमी विजेता तथा छिबरामऊ स्पोर्ट्स क्लब उपविजेता रहा, वहीं कबड्डी बालक वर्ग में छिबरामऊ स्पोर्ट्स क्लब ने विजेता और डी.के. स्पोर्ट्स अकादमी ने उपविजेता का स्थान प्राप्त किया।
वॉलीबॉल बालिका वर्ग में हीरालाल इंटर कॉलेज विजेता तथा डी.के. स्पोर्ट्स अकादमी उपविजेता रही, जबकि वॉलीबॉल बालक वर्ग में डी.के. स्पोर्ट्स अकादमी विजेता और छिबरामऊ स्पोर्ट्स क्लब उपविजेता रहा। कार्यक्रम में क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी श्री आकाश सिंह, अवर अभियंता (लघु सिंचाई विभाग) श्री उदय भान सिंह सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला।