ग्वालियर | 02 जनवरी 2026
शहर में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर हिंदू महासभा जिला ग्वालियर के पदाधिकारियों एवं सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जनकगंज थाना प्रभारी से मुलाकात कर कड़ा विरोध दर्ज कराया। इस दौरान हिंदू महासभा के कार्यकर्ता मनोज पाल पर हुए जानलेवा हमले को लेकर पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी गई।
हिंदू महासभा के प्रदेश महामंत्री विनोद जोशी ने बताया कि बीती रात लगभग 10 बजे, बड़ी सब्जी मंडी क्षेत्र स्थित लक्ष्मीगंज में बदमाशों अखिलेश एवं मनोज ने संगठन के कार्यकर्ता मनोज पाल पर स्टील की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
हमले के विरोध में हिंदू महासभा के पदाधिकारियों ने जनकगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
प्रदेश महामंत्री विनोद जोशी ने कहा कि यदि ऐसे अपराधियों पर कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति और बिगड़ेगी। संगठन ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि हमलावरों को जल्द गिरफ्तार कर कठोर दंड दिया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस अवसर पर संभागीय संगठन मंत्री मुकेश बघेल, जिला अध्यक्ष पवन माहौर, संभागीय उपाध्यक्ष लक्ष्मण बघेल, जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र जाटव, प्रखंड संयोजक नीरज साहू सहित बड़ी संख्या में हिंदू महासभा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।