कुचामन पहुंचे एजीटीएफ के दिनेश एमएन, दो घंटे तक लिया फीडबैक – बोले, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
कुचामन में भाजपा जिला उपाध्यक्ष विजय सिंह पलाड़ा को मिली धमकियों के मामले ने तूल पकड़ने के बाद एजीटीएफ के दिनेश एमएन खुद कुचामन सिटी पहुंचे और जिला पुलिस अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने एएसपी कार्यालय में एसपी ऋचा तोमर, एएसपी विमल सिंह नेहरा, डिप्टी एसपी मुकेश चौधरी और थानाधिकारी सतपाल सिंह से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
करीब दो घंटे तक चली बैठक में एडीजी दिनेश एमएन ने मामले की गंभीरता से समीक्षा करते हुए सख्त शब्दों में कहा कि धमकी देने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने जांच की प्रगति पर विस्तृत फीडबैक लिया और स्पष्ट निर्देश दिए कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ त्वरित और ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सूत्रों के अनुसार, इस प्रकरण को लेकर उच्च स्तर पर भी चर्चा हुई है और मामले की निगरानी लगातार की जा रही है। एडीजी की मौजूदगी से साफ संकेत गया है कि सरकार इस मुद्दे को गंभीरता से ले रही है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई तय मानी जा रही है।